Wednesday, October 21st, 2026

सीमेंट प्लांट में नौकरी के नाम पर ठगा गया युवक

रायपुर। आए दिन कहीं न कहीं नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक ठगी का शिकार होते ही रहते हैं। ताजा मामला सरस्वती नगर थाने का है जहां पर एसीसी सीमेंट प्लांट में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार युवक से ठग ने एचआर मैनेजर बनकर 55 हजार रुपये ठग लिए। फिलहाल सरस्वतीनगर पुलिस ने युवक के द्वारा बताए गए अज्ञात मोबाइल धारक ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौबे कालोनी निवासी चित्रांश तिवारी ने एसीसी सीमेंट प्लांट में जनवरी माह में आई नौकरी के लिए आनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद उसे अज्ञात मोबाइल धारक ने काल कर खुद को प्लांट का एचआर बताकर उसे नौकरी के लिए चयनित होना बताया और ट्रेनिंग किट, सैलरी एकाउंट ओपनिंग, सिक्योरिटी अमाउंट सहित ज्वाइनिंग किट के नाम पर किस्तो में 55 हजार रुपये ठग लिए। चित्रांश ने बताया कि उसे ईमेल के माध्यम से कन्फर्मेशन मेल भी आया था और 30 जनवरी को उसका आनलाइन इंटरव्यू भी लिया गया। जब चित्रांश ने सारे डाक्यूमेंट्स वेरीफाई करवाए तो सभी कागजात फर्जी निकले, जिसके बाद उसने सरस्वती नगर थाने में अज्ञात मोबाइल धारक ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए अपनी जांच शुरू कर दी और इस मामले में सीमेंट प्लांट के प्रबंधन से भी जानकारी लेने की बात कहीं है।

 

Source : Agency

पाठको की राय